Let’s travel together.

कार से 440 किलोमीटर का सफर करके बेहद दुर्लभ समूह का खून देने आया महाराष्ट्र का फूल कारोबारी

0 81

महाराष्ट्र के शिरडी के एक फूल कारोबारी ने कार से करीब 440 किलोमीटर का सफर किया और दुर्लभतम ‘‘बॉम्बे” समूह का रक्तदान करके 30 वर्षीय महिला मरीज की जान बचाने में मदद की। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिरडी में फूलों का थोक कारोबार करने वाले रवींद्र अष्टेकर शनिवार (25 मई) को इंदौर पहुंचे और एक स्थानीय अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती महिला के लिए ‘‘बॉम्बे” समूह का रक्तदान किया।

अष्टेकर ने बताया, ‘‘जब मुझे वॉट्सऐप पर रक्तदाताओं के एक समूह के जरिये इस महिला की गंभीर स्थिति के बारे में पता चला तो मैं अपने एक दोस्त की कार से करीब 440 किलोमीटर का सफर तय करके इंदौर पहुंचा। मुझे जाहिर तौर पर अच्छा महसूस हो रहा है क्योंकि मैं महिला की जान बचाने में अपनी ओर से कुछ योगदान कर सका।”

उन्होंने बताया कि वह पिछले 10 साल के दौरान अपने गृहराज्य महाराष्ट्र के साथ ही गुजरात, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों में पहुंचकर जरूरतमंद मरीजों के लिए आठ बार रक्तदान कर चुके हैं। इंदौर की सामाजिक संस्था ‘दामोदर युवा संगठन’ के ब्लड कॉल सेंटर के प्रमुख अशोक नायक ने महिला मरीज के लिए दुर्लभतम ‘‘बॉम्बे” समूह का रक्त जुटाने में मदद की। उन्होंने बताया कि महिला के लिए इस समूह के रक्त की दो इकाइयां नागपुर से हवाई मार्ग के जरिये इंदौर मंगाई गईं, जबकि मरीज की बहन ने इंदौर में इसकी एक इकाई का रक्तदान किया।

इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) के ‘ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन’ विभाग के प्रमुख डॉ. अशोक यादव ने बताया कि एक अन्य अस्पताल में प्रसूति संबंधी रोग के ऑपरेशन के दौरान महिला को गलती से ‘‘ओ” पॉजिटिव समूह का खून चढ़ा दिया गया था जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और किडनी को भी नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया, ‘‘हालत बिगड़ने पर महिला को जब इंदौर के रॉबर्ट्स नर्सिंग होम भेजा गया, तब उसका हीमोग्लोबिन स्तर गिरकर चार ग्राम प्रति डेसीलीटर के आस-पास पहुंच गया था, जबकि एक स्वस्थ महिला का हीमोग्लोबिन स्तर 12 से 15 ग्राम प्रति डेसीलीटर होना चाहिए।”

यादव ने बताया कि ‘‘बॉम्बे” समूह का चार इकाई रक्त चढ़ाए जाने के बाद महिला की हालत पहले से बेहतर है। उन्होंने कहा कि अगर महिला को इस दुर्लभ समूह का रक्त समय पर नहीं चढ़ाया जाता, तो उसकी जान को निश्चित तौर पर खतरा हो सकता था। “बॉम्बे” रक्त समूह की खोज वर्ष 1952 में हुई थी। इस बेहद दुर्लभ रक्त समूह के लोगों को केवल इसी समूह के व्यक्ति खून दे सकते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

मृत इलेक्ट्रिशियन के परिवार को मिला पचास लाख का चेक     |     बिना स्थानीय परामर्श और किसानों की सहमति के योजना लागू करना अनुचित, जनता के हितों को प्राथमिकता दी जाए: विधायक अनुज शर्मा     |     झमाझम हुई बारिश में पर्यटकों ने सांची स्तूप पर उठाया आनंद     |     साँची में निकली कावड यात्रा भारी जनसमूह उमडा     |     डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से अंतिम छोर के व्यक्ति तक उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की सहज पहुंच होगी सुनिश्चित : उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल     |     अवैध कॉलोनी,मूलभूत सुविधाओं से वंचित श्रीसिद्धश्वर बालाजीपुरम कॉलोनी की महिलाओं ने खोला मोर्चा     |     जलभराव और बीमारियों की ज़द में ईश्वर नगर: बारिश के पानी से उफान मार रहे नाले, 4 साल से नहीं बनीं नालियाँ     |     चलती बस में लगी भीषण आग, 6 यात्री घायल, सरदारपुर पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा     |     भोजशाला विवाद: सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सही पालन कराने की मांग को लेकर नगर बंद, सकल हिंदू समाज ने सौंपा ज्ञापन     |     वैश्य महासम्मेलन का भव्य संभागीय सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान शिवपुरी में सम्पन्न     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811