Let’s travel together.

समय, समाज, जाति, धर्म और क्षेत्र की सीमाओं से परे राम, सीता और रामायण का महात्मय: PM मोदी

0 91

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को अयोध्या में राम मंदिर पर स्मारक डाक टिकट और दुनिया भर में भगवान राम पर जारी डाक टिकटों की एक पुस्तक जारी की और कहा कि ये श्री राम, माता सीता और रामायण की एक झलक पेश करते हैं। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज पवित्र अयोध्या धाम की विरासत और भगवान श्री राम को समर्पित स्मारक डाक टिकट जारी करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर दुनियाभर में प्रभु श्री राम पर जारी टिकटों से जुड़ी एक पुस्तक का अनावरण भी किया।”

‘मंगल भवन अमंगल हारी’ 
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि स्मारक डाक टिकट और यह पुस्तक आने वाली कई पीढ़ियों को श्री राम जन्मभूमि मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के इस पावन अवसर का स्मरण कराती रहेगी।” इससे पहले, उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा कि डाक टिकट केवल कागज या कलाकृति का एक टुकड़ा भर नहीं हैं बल्कि यह महाकाव्यों और महान विचारों का एक लघु रूप हैं। अधिकारियों ने बताया कि इसके डिजाइन में राम मंदिर, चौपाई ‘मंगल भवन अमंगल हारी’ सूर्य, सरयू नदी और मंदिर की एवं इसके आसपास की मूर्तियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि छह डाक टिकट राम मंदिर, भगवान गणेश, भगवान हनुमान, जटायु, केवटराज और मां शबरी पर हैं।

रामायण ‘प्रेम की जीत’ का संदेश देती है- PM
मोदी ने कहा कि राम, सीता और रामायण का महात्मय समय, समाज, जाति, धर्म और क्षेत्र की सीमाओं से परे है और ये हर किसी को जोड़ते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि रामायण ‘प्रेम की जीत’ का संदेश देती है और मानवता को जोड़ते हुए लोगों को सबसे कठिन समय में त्याग, एकता और बहादुरी सिखाती है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि महाकाव्य वैश्विक आकर्षण का केंद्र रहा है और हर जगह इसे सम्मान दिया जाता है। डाक टिकट पर आधारित पुस्तक पर भगवान राम की अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता को दर्शाया गया है और 48 पृष्ठों की इस पुस्तक में अमेरिका, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, कनाडा, कंबोडिया और संयुक्त राष्ट्र जैसे संगठनों सहित 20 से अधिक देशों द्वारा जारी डाक टिकटों को शामिल किया गया है। मोदी ने कहा कि डाक टिकट और पुस्तक युवाओं को बहुत कुछ सीखने में मदद करेंगे और ये युवाओं को भगवान राम की भक्ति की भावना से ओतप्रोत करेंगे। उन्होंने कहा कि वे मंदिर की वास्तुकला और पंचतत्व के दर्शन की भी झलक पेश करते हैं।

‘कई देशों ने भगवान राम पर डाक टिकट जारी किए’
मोदी ने कहा कि कई देशों ने भगवान राम पर डाक टिकट जारी किए हैं और वह भारत के बाहर भी कई लोगों के लिए आदर्श हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने विभिन्न सभ्यताओं पर भी गहरा प्रभाव डाला है। अधिकारियों ने बताया कि सूर्य की किरणें और ‘चौपाई’ इस पुस्तक को शानदार स्वरूप में प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने कहा कि पांच भौतिक तत्व, ‘‘आकाश, वायु, अग्नि, पृथ्वी और जल”, विभिन्न डिजाइन के माध्यम से इसमें परिलक्षित होते हैं और अपना पूर्ण सामंजस्य स्थापित करते हैं जो सभी अभिव्यक्तियों के लिए आवश्यक है। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले ये स्मारक डाक टिकट जारी किये गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

केमफेस्ट–2026 के आचार्य पी. सी. रे. जन्म शताब्दी समारोह के द्वितीय दिवस के अंतर्गत व्याख्यान एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित     |     जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की 60वीं वार्षिक आमसभा आयोजित, वित्तीय स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर हुई चर्चा     |     दादा धूनी दरबार में आस्था का अनोखा आयोजन, धूनी में अर्पित किए सोने-चांदी के आभूषण     |     डोल ग्यारस पर निकाली गई भगवान कन्हैयालाल की भव्य शोभायात्रा     |     लगातार दूसरे वर्ष भी नही बनी सड़क, शासकीय आईटीआई पहुंच मार्ग दलदल में तब्दील, छात्र हो रहे परेशान     |     विमान में बैठ जल विहार के लिए निकले लड्डू गोपाल, नगर में जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत      |     CA का सपना टूटा, हौसला नहीं; अब एमपीपीएससी में चयनित होकर बने असिस्टेंट प्रोफेसर राजीव कुशवाहा      |     2 अक्टूबर को होगी रिलीज़‘ फिल्म प्रेम कीटाणु’     |     स्वर्गीय श्री रामगोपाल माहेश्वरी के नाम पर मार्ग की नामपट्टिका का उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया अनावरण     |     उमंग है तो जिंदगी में रंग है थीम पर उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 में मना उमंग दिवस     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811