मां पार्वती के जल से किया भगवान भोलेनाथ का अभिषेक
अनुराग शर्मा सीहोर
सावन सोमवार को डेहरी घाट से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित मरीह माता मंदिर तक निकाली गई भव्य कावड़ यात्रा का अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। कांवड़ यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने पूरी श्रद्धा और भक्ति से जब भगवान भोलेनाथ के बोल बम के जयकारे लगाए तो इस गगनचुंबी जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
सावन सोमवार के अवसर पर पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल के नेतृत्व में निकाली गई भव्य कावड यात्रा सुबह आठ बजे आरंभ हुई थी जो शाम चार बजे पहुंची। इस मौके पर पूर्व विधायक श्री पटेल ने बताया कि इस वर्ष अधिक मास और सावन मास महोत्सव को लेकर यह भव्य कावड यात्रा निकाली गई है। डेहरी घाट भगवान शिव भक्तों की आस्था का केन्द्र है और सीहोर जिले से पार्वती जी का उद्गम हुआ है पार्वती जी का मायका है। इसी कारण से सभी ग्रामीणों ने पूरे आस्था और उत्साह के साथ मां पार्वती के जल से भगवान शिव का अभिषेक किया।

भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन अर्चना
मरीह माता मंदिर पर भगवान का विधिवत पूजन-अर्चना कर महाआरती की। तदोपरांत सभी कावडिय़ों ने अपनी कावड़ में भरे जल से शिवलिंग का अभिषेक किया। कावड़ यात्रा समिति द्वारा सभी कावडिय़ों एवं शिव भक्तों को प्रसादी भंडारा ग्रहण कराया गया। भव्य कांवड़ यात्रा का क्षेत्रवासियों एवं शिव भक्तों ने माला पहनाकर एवं फलाहार, जलपान एवं चाय पिलाकर जगह-जगह स्वागत किया। इस मौके पर सोंडा ब्लॉक अध्यक्ष संतोष पटेल बिलकिसगंज मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह परमार ब्रजिशनगर ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम पटेल आशीष गहलोत ईश्वर सिंह चौहान राघवेंद्र वर्मा महेश पटेल देवेंद्र पटेल संतोष काटकर बंटी वर्मा विक्रम वर्मा बलराम आशीष बलराम ठाकुर देवजी मेवाडा इंदर सिंह मेवाडा अनार सिंह ठाकुर रवि ठाकुर नवीन जाटव भोलाराम त्यागी आदि हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।