अनुराग शर्मा सीहोर
शुक्रवार को सीहोर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदेश राय ने गत दिनों बारिश और हवाओं से फसलों में हुए नुकसान का जायजा लिया। इस मौके पर चरनाल में छतरपुरा क्षेत्र में प्रभावित फसलों का निरीक्षण राजस्व अधिकारियों के साथ विधायक सुदेश राय ने किया। विधायक श्री राय ने एसडीएम सीहोर सहित उच्चाधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र-अतिशीघ्र विशेषज्ञों के सर्वे दल गठित कर प्रभावित कृषकों के साथ खेतों में जाकर फसलों के नुकसान का सर्वे-आंकलन किए जाने हेतु कहा। किसानों को आश्वासन देता हूं कि नुकसान की भरपाई हेतु हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में किसानों के दु:ख दर्द में भारतीय जनता पार्टी सरकार उनके साथ है। उन्होंने कहा कि मैं किसानों की परेशानी को भली भांति जनता हूं। किसान अपने पसीने से फसलों को सींचता है, तभी अन्न का दाना मिल पाता है। इस बीच यदि फसलों पर प्राकृतिक आपदा का कहर बरसता है तो फसलें चौपट हो जाती है। इससे किसानों के सपने चकनाचूर हो जाते है। फसलों को नुकसान पहुंचा है, किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सतत प्रयास करेंगे और राहत दिलाएंगे।