बिना हेलमेट और तीन सवारी चलने वालों पर कार्रवाई, एक दिन में 2700 रुपए समन शुल्क वसूला; एक दिन पहले भी छह वाहनों के काटे थे चालान
दीवानगंज। भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस ने दीवानगंज नरखेड़ा पास हाईवे 18 पर स्थित कर्क रेखा के पास वाहन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। स्थानीय पुलिस ने दोपहिया वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट और मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों के चालान काटे गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2700 रुपए समन शुल्क वसूल किया। वहीं, एक दिन पहले शनिवार को भी बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर एक चार पहिया और चार दोपहिया वाहनों सहित कुल छह वाहनों के चालान बनाए गए थे। इस कार्रवाई में 1700 रुपए समन शुल्क वसूला गया था।
पुलिस को देखकर सीट बेल्ट लगाने लगे वाहन चालक
कर्क रेखा के पास पुलिस की चेकिंग शुरू होते ही हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों में हलचल दिखाई दी। पुलिस को दूर से देखकर कई चारपहिया वाहन चालक जल्दबाजी में सीट बेल्ट लगाते नजर आए, जबकि कुछ वाहन चालकों ने वाहनों की रफ्तार धीमी कर दी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर यातायात नियमों की जांच की। बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना सीट बेल्ट और जरूरी दस्तावेजों के अभाव में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
प्रदूषण, बीमा और फिटनेस दस्तावेजों की भी जांच
वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र, बीमा, फिटनेस, पंजीयन और ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। साथ ही वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक चालक की जिम्मेदारी है।
सप्ताह में तीन से चार दिन चल रहा चेकिंग अभियान
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर कर्क रेखा के पास यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस द्वारा सप्ताह में तीन से चार दिन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हाईवे पर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों का दबाव बना रहता है। ऐसे में लापरवाही से वाहन चलाना गंभीर सड़क हादसों का कारण बन सकता है। पुलिस का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करने के साथ ही लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
पुलिस की मौजूदगी में ही नहीं, हर समय करें नियमों का पालन
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर नियमित वाहन चेकिंग होने से वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। हालांकि, सड़क सुरक्षा के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। वाहन चालकों को पुलिस की चेकिंग का इंतजार किए बिना हर समय हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति से वाहन चलाना और यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।चेकिंग अभियान के दौरान एएसआई मोहन यादव, प्रधान आरक्षक नितिन, आरक्षक संदीप रघुवंशी और कुलदीप मौजूद रहे।