विधायक देवेंद्र पटेल ने लगाई जनता दरबार अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा कर समस्याओं के निराकरण के निर्देश
सिलवानी रायसेन ।बुधवार को सिलवानी तहसील कार्यालय के कम्युनिटी हॉल में विधायक देवेंद्र पटेल ने तहसील स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों में चल रहे विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की और प्रशासनिक अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आम जनता की समस्याओं का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम, तहसीलदार जनपद पंचायत सीईओ, नगर परिषद सीएमओ सहित बिजली विभाग, पीडब्ल्यूडी स्वास्थ्य विभाग, जल विभाग, महिला एवं बाल विकास, पीएचई और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विधायक ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं, नल-जल योजना, प्रधानमंत्री आवास, राशन वितरण, पेंशन, बिजली व्यवस्था और किसानों से जुड़ी समस्याओं एवं योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
विधायक देवेंद्र पटेल ने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका समय पर निराकरण किया जाए। किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा गांवों में बिजली और पानी से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
समीक्षा बैठक के साथ विधायक देवेंद्र पटेल ने तहसील कार्यालय के मीटिंग हॉल में जनता दरबार लगाकर ग्रामीण नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं एवं शिकायतें विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए मामलों में तत्परता से कार्रवाई करने को कहा।
बैठक और जनता दरबार के माध्यम से विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रशासनिक कार्यों में संवेदनशीलता बरतें और आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराएं।