विधायक देवेंद्र पटेल ने सिविल अस्पताल सिलवानी को विधायक निधि से एंबुलेंस और ईसीजी मशीन देने की घोषणा की
सिलवानी रायसेन। सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल ने गुरुवार को सिविल अस्पताल सिलवानी का निरीक्षण कर अस्पताल में भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य उपचार एवं अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में चर्चा की।
इसके बाद विधायक की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई जिसमें स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक में मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी द्वारा सिविल अस्पताल में ईसीजी मशीन की आवश्यकता तथा गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। डॉक्टरों की मांग पर विधायक देवेंद्र पटेल ने अपनी विधायक निधि से शासन के नियमों के अनुसार सिविल अस्पताल सिलवानी को ईसीजी मशीन एवं एंबुलेंस उपलब्ध कराने की सहमति देते हुए घोषणा की।
बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि ईसीजी मशीन विधायक निधि से खरीदी जाएगी, जिससे हृदय संबंधी बीमारियों की जांच में मरीजों को स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल सकेगी। वहीं हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं, गंभीर बीमार बच्चों एवं अन्य गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजने के उद्देश्य से एंबुलेंस वाहन खरीदकर अस्पताल को उपलब्ध कराया जाऐगा।

विधायक देवेंद्र पटेल ने अस्पताल निरीक्षण के दौरान मरीजों से बातचीत कर उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रोगी कल्याण समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।
डॉक्टरों की मांग पर विधायक निधि से एंबुलेंस और ईसीजी मशीन उपलब्ध कराने की घोषणा को क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे गंभीर मरीजों को रेफर करने में सुविधा मिलेगी तथा अस्पताल में हृदय संबंधी जांच की सुविधा भी मजबूत होगी।