केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी के निधन पर शोकसभा आयोजित, दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर, सीएमओ सुधीर कुमार सिंह, पार्षदों और पत्रकारों ने व्यक्त की संवेदनाएं
अनुराग शर्मा सीहोर
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माताजी के निधन पर रविवार को शहर के बस स्टैंड स्थित आदि श्री होटल में शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, नगर पालिका सीएमओ सुधीर कुमार सिंह, समस्त पार्षदगण, क्षेत्रवासी और बड़ी संख्या में पत्रकारों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत पुण्यात्मा को सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि अर्पित की।

शोकसभा में उपस्थित वक्ताओं ने अपने शोक संदेश में कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मां का जाना जीवन की ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी पीड़ा शब्दों में व्यक्त नहीं की जा सकती। मां का स्नेह, आशीर्वाद और त्याग हर संतान के जीवन की अनमोल धरोहर होता है। उनके जाने से परिवार में जो रिक्तता उत्पन्न होती है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। वक्ताओं ने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं शिवराज सिंह चौहान एवं उनके समस्त परिवार के साथ हैं। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति और संबल दें। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत माताजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।