Let’s travel together.

सोलर प्लांट से कॉपर केबल चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, 70 किलो कॉपर तार और 19 हजार रुपये बरामद

0 191

रायसेन। देवनगर थाना क्षेत्र के ग्राम टिकौदा स्थित सोलर प्लांट से कॉपर केबल चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से करीब 70 किलोग्राम कॉपर तार और 19 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं। मामले में तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस टीम द्वारा की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम टिकौदा निवासी देशराज सिंह बघेल ने 17 सितंबर 2026 को थाना देवनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 15 और 16 सितंबर की दरमियानी रात ग्राम टिकौदा स्थित अमरावाला खेत में लगे सोलर प्लांट से अज्ञात बदमाश तीन बंडल कॉपर वायर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना देवनगर में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों से पुलिस आरोपियों तक पहुंची

घटना की गंभीरता को देखते हुए देवनगर थाना पुलिस ने टीम गठित कर चोरी गए माल और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर शाहरुख खान, निवासी ग्राम करमेड़ी, थाना शमशाबाद, जिला विदिशा और हाल निवासी रायसेन को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में शाहरुख ने अपने साथियों के साथ सफेद रंग की कार से ग्राम टिकौदा स्थित सोलर प्लांट पहुंचने और जाली को कटर से काटकर करीब तीन बंडल कॉपर केबल चोरी करने की बात बताई।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में चोरी की केबल को सिरोंज निवासी कबाड़ी सारिक कुरैशी को बेचने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने सारिक पिता पप्पू खां, निवासी नकास मोहल्ला, सिरोंज को गिरफ्तार कर पूछताछ की।

52 हजार रुपये में खरीदी थी चोरी की केबल

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सारिक ने बताया कि शाहरुख अपने तीन साथियों के साथ कॉपर का माल लेकर उसके पास आया था, जिसे उसने 52 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस के अनुसार खरीदी गई केबल को जलाकर उसमें से कॉपर निकाला गया।

पुलिस का कहना है कि बरामद कॉपर में से कुछ हिस्सा अन्य कबाड़ियों को बेच दिया गया था, जबकि शेष कॉपर और नगदी आरोपी की दुकान पर रखी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 70 किलोग्राम कॉपर तार और 19 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।

अन्य सोलर प्लांटों में चोरी की घटनाओं से भी जुड़ाव की जांच

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी शाहरुख ने सांची क्षेत्र में ट्यूबवेल की मोटर की केबल, ग्राम सांचेत में वेयरहाउस के पास स्थित सोलर प्लांट, सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में पोजा फैक्ट्री के सामने भूसीमेटा-रायसेन रोड स्थित सोलर प्लांट तथा बेगमगंज थाना क्षेत्र के खानपुर सोलर प्लांट से केबल चोरी की घटनाओं में अपने साथियों के साथ संलिप्तता की जानकारी दी है।

इन घटनाओं के संबंध में संबंधित थाना क्षेत्रों से जानकारी और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

तीन आरोपी अभी फरार

मामले में पुलिस ने शेर सिंह कुशवाह निवासी ग्राम करमेड़ी, चांदू मेवाती निवासी करमेड़ी और काले खां उर्फ कल्ला निवासी नादिया, थाना शमशाबाद, जिला विदिशा को फरार बताया है। पुलिस टीम इनकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों—शाहरुख खान और सारिक कुरैशी—को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी देवनगर उपनिरीक्षक हरिओम अस्थाना, सउनि सतीश जालवान, सउनि कफिल शेख थाना गैरतगंज, प्रधान आरक्षक भूपेश सिंह, हरनाम सिंह, कमलेश चौरसिया, देवराम सूर्यवंशी, संजीव धाकड़ तथा आरक्षक सोनू कुमार और सौरभ रघुवंशी की भूमिका रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

उमंग है तो जिंदगी में रंग है थीम पर उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 में मना उमंग दिवस     |     25 सितंबर को जिले भर के स्कूलों में होगा नमामि भारतम् वंदेमातरम् का सामूहिक गायन     |     एडिप योजना से 10 साल के दिव्यांग को मिली फोल्डिंग व्हीलचेयर, दैनिक कार्यों में मिलेगी मदद     |      शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़ी में हर्षोल्लास से मनाया उमंग दिवस     |     मंडीदीप के फूलचंद नगर में गेल गैस पाइपलाइन में लीकेज, मचा हड़कंप     |     60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान : ग्राम हातौद में लगा स्वास्थ्य शिविर     |     सड़क नहीं होने से नंदोरा में 19 वर्षीय युवक की मौत का मामला, ग्रामीणों ने अम्बेडकर चौराहे पर किया प्रदर्शन     |     शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया उमंग दिवस     |     श्रीकृष्ण की ससुराल जामगढ़ की गलियां आज बनेगी कुंज गली       |     बम्होरी में चित्रकला कार्यक्रम: बच्चों ने चित्रों में दिखाई विकसित भारत की कल्पना     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811