सुरेंद्र जैन धरसींवा
धरसींवा विधानसभा के भाजपा विधायक द्वारा इसी माह से आयोजित की जाने वाली ‘सेवा संवाद यात्रा’ को लेकर कांग्रेस नेता और पीसीसी पिछड़ा वर्ग के कार्यकारी अध्यक्ष भावेश बघेल ने तीखा सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को अब केवल आयोजनों, भाषणों और संवाद के नाम पर आश्वासन नहीं चाहिए, बल्कि अपनी रोजमर्रा की समस्याओं का ठोस समाधान चाहिए।
भावेश बघेल ने कहा कि विधायक अनुज शर्मा जी को सेवा संवाद यात्रा निकालने से पहले धरसींवा विधानसभा की जमीनी हकीकत पर ध्यान देना चाहिए। आज क्षेत्र की जनता कई गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। आम नागरिक बढ़ते बिजली बिलों से परेशान हैं, किसान धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्थाओं और असुविधाओं का सामना कर रहे हैं, वहीं विधानसभा क्षेत्र की अनेक सड़कों की हालत जर्जर बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी लगातार सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि धरसींवा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं, लेकिन स्थानीय युवाओं के रोजगार, प्रदूषण, औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों की समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है।
भावेश बघेल ने विधायक से पूछे 6 सवाल –
1. लगातार बढ़ते बिजली बिलों से आम जनता को राहत कब मिलेगी?
2. धान खरीदी केंद्रों में किसानों को हो रही असुविधाओं का समाधान कब होगा?
3. धरसींवा विधानसभा की जर्जर सड़कों का निर्माण और मरम्मत कब होगी?
4. ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था कब सुधरेगी?
5. स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए क्या ठोस पहल हुई?
6. औद्योगिक क्षेत्रों से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण कब किया जाएगा?
भावेश बघेल ने कहा कि आखिर इन समस्याओं का निराकरण कब होगा? क्या सेवा संवाद यात्रा में इन सवालों के जवाब भी दिए जाएंगे या फिर यह यात्रा केवल प्रचार और आयोजन तक ही सीमित रहेगी?
उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर इन सवालों का समाधान करना चाहिए। लोकतंत्र में जनता केवल सुनने वाली नहीं, बल्कि अपने जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगने का अधिकार भी रखती है।