अल्ट्राटेक के खनन NOC पर जताया विरोध
सुरेंद्र जैन धरसींवा
छत्तीसगढ़ की धरती पर किसानों की जीवनरेखा कहे जाने वाले 120 वर्ष पुराने पेंड्रावन जलाशयको बचाने की लड़ाई अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है।
धरसींवा विधानसभा के ग्राम बंगोली में स्थित इस ऐतिहासिक जलाशय के अस्तित्व पर मंडराते संकट को लेकर पेंड्रावन जलाशय बचाओ किसान संघर्ष समिति के सदस्यों ने पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की और उन्हें पूरी स्थिति से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
क्या है पेंड्रावन जलाशय का महत्व ?
धरसीवा विधानसभा अंतर्गत तिल्दा विकासखण्ड के इस जलाशय का इतिहास लगभग 120 वर्ष पुराना है। यह सिर्फ एक तालाब नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जीवनरेखा है।3440 किसान परिवार सीधे इस जलाशय पर आश्रित हैं,2440 हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई इसी जलाशय से होती है,मछली पालन, निस्तारी और दैनिक जीवन का मुख्य आधार यही जलाशय है,आसपास के गांवों में पीने के पानी और भू-जल स्तर को बनाए रखने में भी इसकी बड़ी भूमिका है।
किसानों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पीढ़ियों से यह जलाशय हमारे खेतों को हरा-भरा रखता आया है। हमारे दादा-परदादा इसी के पानी से खेती करते आए हैं। अगर यह जलाशय खत्म हुआ, तो सिर्फ खेत नहीं, पूरी पीढ़ियों का भविष्य खत्म हो जाएगा।

अल्ट्राटेक को खनन NOC से क्यों है खतरा ?
समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के समक्ष गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी को खनन की NOC दिए जाने से इस क्षेत्र पर विनाशकारी प्रभाव पड़ेगा।
तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार खनन कार्य से जलाशय का प्राकृतिक स्वरूप और जल संग्रहण क्षमता नष्ट हो जाएगी,आसपास के 40 से 50 गांवों का भू-जल स्तर तेजी से गिर जाएगा,खेतों में सिंचाई के लिए पानी नहीं बचेगा,मछली पालन और निस्तारी पूरी तरह ठप हो जाएगी,क्षेत्र का पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ जाएगा
किसानों ने कहा हे कि हम विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास की कीमत पर हमारे जीवन का आधार नहीं छीना जा सकता। सीमेंट के लिए खदान कहीं और भी हो सकती है, लेकिन 120 साल पुराना पेंड्रावन दोबारा नहीं बन सकता।

मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समिति के सदस्यों की बात को अत्यंत गंभीरता से सुना। उन्होंने पूरे विषय पर विस्तार से चर्चा की और किसानों को आश्वस्त किया कि इस विषय पर सकारात्मक और ठोस विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद किसानों में नई उम्मीद जगी है। समिति के सदस्यों ने कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि किसान हितैषी सरकार हमारे 120 साल पुराने जलाशय को बचाएगी और किसानों के हित में फैसला लेगी।
किसानों की एक ही मांग – पेंड्रावन बचाओ
समिति ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी कंपनी के खिलाफ नहीं, बल्कि जल, जमीन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बचाने की लड़ाई है।
किसानों की मांग
1. पेंड्रावन जलाशय को संरक्षित जलाशय घोषित किया जाए
2. अल्ट्राटेक कंपनी को इस क्षेत्र में खनन की NOC न दी जाए
3. जलाशय के सौंदर्यीकरण और गहरीकरण की व्यवस्था हो
4. 3440 किसान परिवारों के सिंचाई अधिकार की रक्षा हो
समिति ने कहा कि जब तक पेंड्रावन सुरक्षित नहीं होगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।