प्रथम चरण के विकास कार्यों के लिए ₹2.75 करोड़ से अधिक की निविदा जारी
मनोज बैरागी सरदारपुर धार
धार जिले के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल अमझेरा स्थित माँ अमका-झमका मंदिर परिसर को पर्यटन और श्रद्धालु सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा प्रथम चरण के विकास कार्यों के लिए ₹275.15 लाख (₹2.75 करोड़ से अधिक) की निविदा (टेंडर) आमंत्रित की गई है।
यह महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं मंदिर निर्माण समिति के संरक्षक कमल यादव के मांग पत्र पर दी गई है।
प्रथम चरण में होंगे ये प्रमुख विकास कार्य
1 सुरक्षा एवं जीर्णोद्धार: बाउंड्री वॉल, चैनलिंक फेंसिंग का निर्माण और मुख्य मंदिर का जीर्णोद्धार।
2 श्रद्धालु सुविधाएं: आधुनिक जनसुविधा केंद्र (टॉयलेट ब्लॉक), सुव्यवस्थित पार्किंग स्थल और गार्ड रूम।
3 मूलभूत व्यवस्थाएं: शुद्ध पेयजल सुविधा, श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंच तथा स्वच्छता बनाए रखने हेतु डस्टबिन।

श्री कृष्ण-रुक्मणी लोक’ का होगा भव्य निर्माण
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, बहुप्रतीक्षित ‘श्री कृष्ण-रुक्मणी लोक’ को राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘श्री कृष्ण पाथेय परियोजना’ में शामिल किया गया है। वर्तमान में इसके विस्तृत निर्माण के लिए वास्तुविद (आर्किटेक्ट) के चयन की प्रक्रिया जारी है। इसका भव्य निर्माण द्वितीय चरण में संपन्न कराया जाएगा।
क्षेत्रवासियों में हर्ष, जताया आभार
मंदिर परिसर के कायाकल्प की स्वीकृति मिलने पर अमझरा सहित पूरे धार जिले के श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष प्रकाश राठौर, गोविंद गुप्ता, राजेंद्र शर्मा, मुकेश पंडित, विक्रम राठौर, अभिजीत पंडित सहित समस्त भक्तों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया है।