₹2776 करोड़ की लागत से मेहलुआ–बीना–खिमलासा–मालथोन मार्ग होगा 4-लेन
67.116 किमी लंबे मार्ग के उन्नयन से बीना, सिरोंज, खुरई, विदिशा और शमशाबाद क्षेत्र को मिलेगा लाभ
सागर। सागर लोकसभा क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल सामने आई है। मेहलुआ–बीना–खिमलासा–मालथोन मार्ग को 4-लेन में उन्नयन किए जाने की योजना है। करीब ₹2776.83 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना की कुल लंबाई 67.116 किलोमीटर बताई गई है।
सांसद डॉ. लता वानखेड़े द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के समक्ष क्षेत्र की यातायात एवं सड़क संबंधी आवश्यकताओं को लगातार उठाए जाने के बाद इस परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण पहल हुई है।

4 बायपास सहित बनेगा आधुनिक 4-लेन मार्ग परियोजना में कुल 19.070 किलोमीटर के चार बायपास प्रस्तावित हैं। इनमें कुरवाई में 3 किलोमीटर, लायरा में 2.170 किलोमीटर, बीना में 10.100 किलोमीटर और खिमलासा में 3.800 किलोमीटर का बायपास शामिल है।
परियोजना की भू-अर्जन लागत ₹428.94 करोड़ बताई गई है। सड़क निर्माण के साथ यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण संरचनाएं भी प्रस्तावित हैं। इनमें—4 मेजर ब्रिज,29 माइनर ब्रिज,3 रेलवे ओवरब्रिज,2 फ्लाईओवर,9 व्हीकल अंडरपास,120 अन्य सड़क संरचनाएं
शामिल हैं।

बढ़ते यातायात के चलते 4-लेन की जरूरत
वर्तमान में यह मार्ग 2-लेन है, जबकि इस पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मार्ग पर यातायात करीब 14,429 पीसीयू तक पहुंच चुका है, जो 4-लेन सड़क के निर्माण की आवश्यकता को दर्शाता है।
बीना क्षेत्र में बीपीसीएल रिफाइनरी, थर्मल पावर प्लांट, रेलवे यार्ड और विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों के कारण भारी वाहनों की आवाजाही भी काफी अधिक है। ऐसे में 4-लेन सड़क बनने से यातायात दबाव कम होने और आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है।
कई विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा फायदा
यह परियोजना मेहलुआ–बीना मार्ग के साथ बीना–खिमलासा–मालथोन क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क प्रदान करेगी। इसके चलते बीना, सिरोंज, खुरई, विदिशा और शमशाबाद क्षेत्र को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की संभावना है।
चार बायपास बनने से शहरों और कस्बों के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा। वहीं फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास से यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
उद्योग और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
4-लेन मार्ग बनने से बीना के औद्योगिक क्षेत्र और रिफाइनरी सहित आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। बेहतर सड़क संपर्क से माल परिवहन आसान होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। परियोजना को क्षेत्र में भविष्य के औद्योगिक विस्तार और रोजगार के अवसरों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।यह मार्ग एनएच-346, एनएच-44 और एनएच-934 से बेहतर संपर्क स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

सांसद ने जताया आभार
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने इस महत्वपूर्ण विकास पहल के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का आभार व्यक्त किया है।उन्होंने कहा कि यह परियोजना किसी एक विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण पहल है।
67 किलोमीटर से अधिक लंबे इस 4-लेन कॉरिडोर के विकसित होने से बीना से सिरोंज और खिमलासा से मालथोन तक सड़क संपर्क मजबूत होने के साथ क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।