इछावर में नर्मदा पाइपलाइन के लिए खोदी गई खंती में भरा था पानी, हादसे से परिवार में पसरा मातम
अनुराग शर्मा सीहोर
जिले के इछावर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन किशोरों की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसा इछावर के वार्ड नंबर 12 क्षेत्र में मोगरा रोड के पास नर्मदा लिंक परियोजना के लिए एलएनटी कंपनी द्वारा खोदी गई खंती में हुआ। खंती में बारिश का पानी भरा हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 12 निवासी सुबाल सिंह के दो बेटे पृथ्वीराज (12) और प्रशांत (16) अपने बुआ के बेटे दीक्षांत और अखिलेश सिंह (14) के साथ दोपहर करीब 1 बजे खंती में भरे पानी में नहाने के लिए गए थे।

बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान एक किशोर अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य किशोर भी पानी में उतर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने डूब रहे किशोर को बाहर निकाल लिया, लेकिन इस दौरान दोनों की भी हालत बिगड़ गई।
घटना के बाद तीनों को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। एक ही परिवार से जुड़े तीन किशोरों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
खुली छोड़ी गई खंती बनी हादसे की वजह
नर्मदा लिंक परियोजना के लिए खोदी गई खंती को खुला छोड़े जाने और उसमें पानी भरने के बाद वहां बच्चों के पहुंचने से यह हादसा हुआ। घटना ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों और खुली खाइयों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।