घटिया निर्माण की भेंट चढ़ा फिफरफलिया का स्कूल कक्ष: बिना हैंडओवर सौंपी चाबी, एचएम ने सीईओ से की शिकायत
मनोज बैरागी सरदारपुर धार
सरदारपुर विकासखंड के फिफरफलिया प्राथमिक विद्यालय में वर्ष 2024-25 में करीब 6 लाख रुपए की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्ष की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण पूरा होने के कुछ समय बाद ही कक्ष की दीवारों और खंभों से सीमेंट का प्लास्टर झड़ने लगा है। हाल ही में एक छात्र खंभे के पास खड़ा था, तभी प्लास्टर गिर गया। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
विद्यालय परिसर में बाउंड्री के भीतर पर्याप्त भराव नहीं होने से बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति भी बन रही है। इससे भवन की मजबूती और परिसर की उपयोगिता प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुधार नहीं कराया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
मामले में भोपावर की सरपंच शारदाबाई मखोड़, उनके प्रतिनिधि मदन मखोड़ तथा ग्राम पंचायत सचिव की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापक अनित परमार ने शुक्रवार को जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जोशव पीटर को लिखित शिकायत सौंपते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि अतिरिक्त कक्ष का विधिवत लिखित हैंडओवर किए बिना उसकी चाबी फोन पर सूचना देकर सहयोगी शिक्षक को सौंप दी गई। इससे निर्माण कार्य की प्रक्रिया और जवाबदेही पर भी प्रश्नचिह्न लग गया है। विद्यालय प्रबंधन ने आशंका जताई है कि यदि भविष्य में भवन को कोई नुकसान पहुंचता है या किसी छात्र के साथ दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा।
इनका कहना हे
मामले की जानकारी मिली है। स्थल का निरीक्षण कर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जोशुआ पीटर सीईओ जनपत पंचायत सरदारपुर धार