नीट पेपर लीक के विरोध में रायपुर ग्रामीण के सभी 11 ब्लॉकों में कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
सुरेन्द्र जैन धरसीवां रायपुर
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार, जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे के आह्वान पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर रायपुर ग्रामीण के सभी 11 ब्लॉकों में छात्रों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने के माध्यम से कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा में पेपर लीक होना देश की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लाखों विद्यार्थियों ने वर्षों की मेहनत और अपने परिवारों की उम्मीदों के साथ परीक्षा दी, लेकिन भ्रष्टाचार और लापरवाही ने उनके भविष्य को संकट में डाल दिया।
कांग्रेस ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें। साथ ही नीट पेपर लीक मामले पर संसद में विस्तृत चर्चा कराई जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच हो तथा दोषियों को कठोर सजा दी जाए।
धरने के दौरान नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दर्ज एफआईआर को बिना शर्त तत्काल वापस लेने की भी मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों पर जिस प्रकार से कील लगी लाठियों और डंडों से बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की गई, उसकी न्यायिक जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व धरसीवां में आशीष वर्मा, बिरगांव में योगेंद्र सोलंकी एवं महापौर नंदलाल देवांगन, तिल्दा में कांग्रेस विधानसभा प्रत्याशी शैलेश नितिन त्रिवेदी अजितेश शर्मा एवं बलदाऊ साहू, नयापारा में रामा यादव, अभनपुर में विद्याभूषण सोनवानी, नयापारा ग्रामीण में गिरधारी साहू, खरोरा में अश्वनी वर्मा, आरंग में खिलावन निषाद एवं कोमल साहू, तथा चंदखुरी में ओमप्रकाश यादव के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की रक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। नीट पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों मेहनती विद्यार्थियों के सपनों पर कुठाराघात हैं। छात्रों की आवाज़ उठाने के बजाय उन पर एफआईआर दर्ज करना और बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। कांग्रेस पार्टी छात्रों के अधिकारों, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और शिक्षा में ईमानदारी के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। यदि केंद्र सरकार ने छात्रों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो कांग्रेस का आंदोलन और व्यापक रूप से जारी रहेगा।