भ्रष्टाचार और अव्यवस्था से परेशान सीएम राइज स्कूल बाघ के छात्रों का फूटा गुस्सा: लगभग 70 से अधिक बच्चे धार कलेक्टर से मिलने रवाना
प्रिंसिपल पर स्कूल के कंप्यूटर घर ले जाने का आरोप; सहायक आयुक्त ने तत्काल कार्यवाही की बात
मनोज बैरागी सरदारपुर धार
सीएम राइज स्कूल बाघ में व्याप्त गंभीर अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार को लेकर विद्यार्थियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। शुक्रवार को कक्षा 12वीं के छात्र सूजल पांडे के नेतृत्व में लगभग 70 से अधिक छात्र-छात्राएं छह गाड़ियों में सवार होकर अपनी समस्याओं की गुहार लगाने जिला मुख्यालय धार के लिए रवाना हुए।
छात्रों का मुख्य आरोप है कि शासन द्वारा बच्चों की कंप्यूटर शिक्षा के लिए भेजे गए 20 कंप्यूटरों में से 3 कंप्यूटर प्रिंसिपल देवी सिंह बघेल ने अपने घर पर बच्चों के व्यक्तिगत उपयोग के लिए रख लिए हैं। इसके अलावा, प्रिंसिपल के पास बीईओ (BEO) का प्रभार भी है, जिसके चलते स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
अतिथि शिक्षकों से असंतुष्ट छात्र, स्थाई शिक्षकों की मांग
छात्रों ने बताया कि स्कूल में अतिथि शिक्षकों के पढ़ाने का तरीका संतोषजनक नहीं है। इससे बच्चों की पढ़ाई का भारी नुकसान हो रहा है। छात्रों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल में तुरंत स्थाई शिक्षकों की नियुक्ति की जाए।प्रिंसिपल देवी सिंह बघेल को उनके पद एवं बीईओ के अतिरिक्त प्रभार से तुरंत हटाया जाए।
भोपावर चौकड़ी पर सहायक आयुक्त एंव बीईओ रघुवंशी सरदारपुर से मुलाकात, जवाब से असंतुष्ट हुए छात्र धार जाने के दौरान भोपावर चौकड़ी (सरदारपुर) पर छात्रों की मुलाकात सहायक आयुक्त (जनजातीय कार्य विभाग) पारुल व्यास जैन से हुई। छात्रों ने मैडम के सामने अपनी पूरी व्यथा रखी और प्रिंसिपल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। हालांकि, सहायक आयुक्त के जवाब और आश्वासन से छात्र बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हुए।
छात्रों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते उनकी जायज मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो बाघ क्षेत्र में उग्र आंदोलन देखने को मिल सकता है।

पत्रकार संघ ने भी उठाया पूर्व बीईओ पर कार्रवाई का मुद्दा
इस दौरान सरदारपुर पत्रकार संघ के अध्यक्ष मोहन लाल यादव ने सहायक आयुक्त पारुल व्यास जैन के समक्ष पूर्व बीईओ प्रमोद कुमार माथुर के विरुद्ध पुलिस प्रकरण का मुद्दा उठाया। इस पर सहायक आयुक्त ने आश्वस्त किया कि मामले में नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
छात्र की जुबानी
“हम अपनी पढ़ाई और हक के लिए लड़ रहे हैं। स्कूल में सुविधाएं सिर्फ कागजों पर हैं और प्रिंसिपल साहब कंप्यूटर अपने घर ले गए हैं। जब तक हमें ठोस न्याय नहीं मिलता, हमारी लड़ाई जारी रहेगी।”
सूजल पांडे छात्र, कक्षा 12वीं, सीएम राइज स्कूल बाघ
अब देखना यह होगा कि धार कलेक्टर बच्चों की इन गंभीर शिकायतों पर क्या कड़ा रुख अपनाते हैं और दोषी अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होती है।