– सेवा सुशासन और कारगिल की गाथा से युवाओं को मिला जागरूकता का संदेश
– प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से रहा समापन समारोह आकर्षक
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय भोपाल द्वारा जिला प्रशासन शिवपुरी के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का समापन विविध प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।
प्रदर्शनी में “सेवा, सुशासन के 12 वर्ष”, “Viksit Bharat @2047 (VB G RAM G)” तथा कारगिल विजय दिवस विषयों पर आधारित आकर्षक चित्र लगाए गए। इनके माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकसित भारत के संकल्प और भारतीय सेना के शौर्य एवं बलिदान को दर्शाया गया। तीन दिनों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों ने प्रदर्शनी देखकर योजनाओं की जानकारी ली।
समापन अवसर पर प्रश्नोत्तरी, भाषण और अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साह से भाग लिया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक जागरूकता और सरकारी योजनाओं की जानकारी बढ़ाना था। विजेताओं को अतिथियों ने प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इकाई प्रभारी अजय बैस ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों का सम्मान किया। इंपैक्ट थिएटर एंड आर्ट समिति ग्वालियर के कलाकारों ने गीत और नाटक प्रस्तुत किए। संगीता श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव और बिडला ने देशभक्ति गीतों से माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
प्रा. डॉ. महेंद्र कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन से छात्रों को जानकारी मिलती है और युवाओं का समग्र विकास होता है। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. भूपेन्द्र विकल ने समाचार पत्र की भूमिका पर चर्चा की। वरिष्ठ उद्घोषक डॉ. समर्थ अग्रवाल ने व्यक्तित्व विकास और रेडियो की ग्रामीण विकास में भूमिका बताई। कार्यक्रम अधिकारी विनोद त्रिपाठी ने आकाशवाणी के कार्यक्रमों की जानकारी दी। पत्रकार मणिका शर्मा ने सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग की अपील की।
कार्यक्रम में विनोद सोनी, विकास यादव सहित कॉलेज स्टाफ और पीएम श्री हाईस्कूल फिजिकल कॉलोनी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आभार के साथ तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन हुआ।