गणपति जी की आकर्षक झांकियां बनीं श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
गणेश उत्सव के अवसर पर ज़िले के गैरतगंज नगर में विभिन्न स्थानों पर सजाए गए आकर्षक झांकियों के पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। भगवान गणेश की सुंदर प्रतिमाओं के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।

नगर के किसानी मोहल्ला, टेकापार कॉलोनी, तहसील कॉलोनी, नई कॉलोनी, नंदनी नगर, कुम्हार मोहल्ला, ब्लॉक कॉलोनी सहित अन्य स्थानों पर आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। इनमें नगर के वार्ड क्रमांक 6 स्थित किसानी मोहल्ले में स्थापित 12 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
वहीं टेकापार कॉलोनी में स्थापित विशाल पंडाल भी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। कुम्हार मोहल्ले में भगवान गणेश के साथ रिद्धि माता की सुंदर प्रतिमाएं श्रद्धा का केंद्र बनी हुई हैं। इसी तरह आजाद चौक वार्ड क्रमांक 5 में स्थापित आकर्षक गणेश प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।