मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
जून का महीना समाप्ति की ओर है, लेकिन दीवानगंज क्षेत्र में अब तक जोरदार बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। खेतों में धान की रोपाई की तैयारियां पूरी होने के बावजूद पर्याप्त वर्षा नहीं होने से रोपाई का कार्य शुरू नहीं हो सका है।
किसानों का कहना है कि उन्होंने खेतों में गड्ढे (मेढ़बंदी व तैयारी) कर लिए हैं और धान की पौध भी तैयार कर ली है, लेकिन पानी के अभाव में खेतों में रोपाई करना संभव नहीं हो पा रहा है। यदि जल्द ही अच्छी बारिश नहीं हुई तो पौध खराब होने का खतरा बढ़ जाएगा और धान की खेती पर गंभीर असर पड़ सकता है।
लगातार पड़ रही उमस और तेज धूप के कारण खेतों की नमी भी तेजी से खत्म हो रही है। ऐसे में किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए मानसून की अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि मौसम की स्थिति जल्द नहीं बदली तो इस वर्ष धान का उत्पादन प्रभावित हो सकता है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ेगा।
ग्रामीण क्षेत्र के किसानों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले कुछ दिनों में मानसून सक्रिय होगा और अच्छी बारिश होने से धान रोपाई का कार्य शुरू हो सकेगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में बारिश की कमी किसानों के लिए सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है।