बरेली, रायसेन। वेयरहाउस के बाहर खड़ी किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मूंग की बोरियां चोरी करने वाले गिरोह का बरेली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात दिव्य वेयर हाउस, भोडिया के सामने मूंग बेचने आई ट्रैक्टर-ट्रॉली से 29 बोरी मूंग चोरी होने की शिकायत फरियादी हर्षित सिंह राजपूत निवासी गगनवाड़ा ने दर्ज कराई थी। इसी तरह 29 जुलाई 2026 की रात मारूति वेयर हाउस, पिपरिया रोड अलीगंज के सामने खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भी मूंग की बोरियां चोरी होने की शिकायत संतोष धाकड़ निवासी ग्राम जोहराबरहा ने दर्ज कराई थी।
लगातार मिल रही चोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपियों तक पहुंचने के लिए 70 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मूंग चोरी के गिरोह का पता लगाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
सलमान खान पिता शरीफ, उम्र 29 वर्ष, निवासी पिपलाई राजनवाड़ी, थाना कोतवाली, जिला रायसेन।
मुबारिक खान पिता लियाकत, उम्र 26 वर्ष, निवासी पिपलाई राजनवाड़ी, थाना कोतवाली, जिला रायसेन।
खालिद खान पिता लईक, उम्र 32 वर्ष, निवासी पिपलाई राजनवाड़ी, थाना कोतवाली, जिला रायसेन।
पुलिस ने यह सामान किया जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 बोरी मूंग, जिसकी कीमत करीब 99 हजार रुपए, तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक MP-04-YS-0438, कीमत करीब 4 लाख रुपए बरामद की है। कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 4 लाख 99 हजार रुपए बताई गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष गुप्ता के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक एवं एसडीओपी बरेली कुंवर सिंह मुकाती के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बरेली निरीक्षक कपिल गुप्ता के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में प्रआर. राजेश राजपूत, प्रआर. निरंजन सिंह, प्रआर. भोजराज राजपूत, प्रआर. अनिल, आरक्षक नारायण, आरक्षक मुकेश यादव एवं सैनिक विजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।