शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
भारतीय स्टेट बैंक की 71 वी वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक कृषि वाणिज्यिक शाखा बेगमगंज द्वारा स्वसहायता समूह शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में 6 समूहों को प्रथम चरण एवं 2 समूहों को द्वितीय चरण का ऋण स्वीकृत करने के बाद वितरित किया गया। साथ ही 21 महिलाओं का प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा एवं 8 महिलाओं का प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना पंजीयन किया गया।

शिविर में एनआरएलएम के विकासखंड प्रबंधक सुधीर सोनी ने समूह की ताकत एवं महत्व के बारे में बताते हुए कहाकि सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने की दिशा में सार्थक कदम उठाए जाने से ग्रामीण अंचल की महिलाएं आर्थिक रूप से संपन्न होकर अपने परिवार के पालन पोषण में सहभागी बनने के साथ अपने पांव पर मजबूती से खड़ी हो रही है ।
सरकार की मंशा है कि हितग्राही मूलक योजनाओ में महिलाओं की भी बराबरी की भागीदारी रहे ।इसलिए विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्व सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को जोड़कर योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा रहा है जिसका ज्वलंत उदाहरण एक बगिया मां के नाम है। सरकार को भविष्य में भी सार्थक परिणाम मिलने का विश्वास है।

भा. स्टेट बैंक शाखा प्रबंधक तेजस्वी कुमार पटेल ने समूह की महिलाओं को गतिविधि आधारित कार्यो के माध्यम से आय अर्जन हेतु प्रेरित कर साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए प्रेरित किया ओर उन्हें अथक मेहनत के साथ अपने दायित्वों को जिम्मेदारी से पूरा करने का आव्हान किया। क्षेत्राधिकारी अजय माहोरे ने ऋण के नियमित भुगतान के लाभ के संबंध में जानकारियां दी।
सहायक विकासखंड प्रबंधक श्रीमती सुनीता सोनी ने आभार प्रदर्शन के साथ स्व सहायता समूह ऋण प्रकरणों के लिए भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग की प्रशंसा की। शिविर के सफल आयोजन में बैंक के कनिष्ठ सहायक जितेंद्र यादव, बैंक सखी ज्योति, दुर्गा, मोनिका की सराहनीय भूमिका रही।