सेमरी की अंजना ने फतह किया एवरेस्ट: 8,848 मीटर की ऊंचाई पर लहराया तिरंगा, दीवानगंज में हुआ भव्य स्वागत
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सांची विकासखंड के दीवानगंज क्षेत्र के छोटे से ग्राम सेमरी की प्रतिभाशाली बेटी एवं विदिशा जिले के ग्राम अमोदा की बहू श्रीमती अंजना यादव ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर भारत का तिरंगा फहराकर इतिहास रच दिया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल रायसेन और विदिशा जिले, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ा है।
अंजना यादव ने 8,848 मीटर की दुर्गम ऊंचाई पर पहुंचकर साहस, दृढ़ संकल्प और मेहनत का परिचय दिया। एवरेस्ट विजय के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों ने इसे पूरे इलाके के लिए गर्व का क्षण बताया।
दीवानगंज के फैक्ट्री चौराहे पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर रायसेन जिला मंत्री संतोष शर्मा, दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा, गजेंद्र चौकसे, नंदू साहू, अमर सिंह मीणा , ओम प्रकाश लोधीसहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पमालाएं पहनाकर और फूल बरसाकर उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अंजना यादव की सफलता ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के सामने कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र की बेटियों को खेल, साहसिक गतिविधियों और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।
ग्रामीणों ने कहा कि सेमरी की बेटी ने एवरेस्ट फतह कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। आज हर ग्रामीण को उनकी इस उपलब्धि पर गर्व है। स्वागत समारोह के दौरान “भारत माता की जय” और “अंजना यादव जिंदाबाद” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
“सेमरी की बेटी ने एवरेस्ट जीतकर साबित कर दिया कि हौसले बुलंद हों तो गांव की मिट्टी से भी विश्व विजेता निकलते हैं।”