आज 25 मई से शुरू होंगे मूंग-उड़द खरीदी के पंजीयन
सी के पारे रायसेन/भोपाल
मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश के लाखों किसानों को बड़ी राहत देते हुए ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द की समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी का ऐलान कर दिया है। सरकार ने वर्ष 2026 के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। खास बात यह है कि इस बार उड़द बेचने वाले किसानों को MSP के साथ ₹600 प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जाएगा, जिससे किसानों को सीधा आर्थिक फायदा मिलेगा।
सरकार के मुताबिक किसान 25 मई 2026 से 15 जून 2026 तक ई-उपार्जन पोर्टल पर अपना पंजीयन करा सकेंगे। खरीदी भारत सरकार की प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) के तहत की जाएगी।
आधार और बैंक खाते की रहेगी अनिवार्यता
इस बार खरीदी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने सख्त व्यवस्था लागू की है। किसानों को पंजीयन के समय आधार कार्ड, समग्र आईडी, बैंक पासबुक, भूमि संबंधी दस्तावेज और आधार से लिंक मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा।
सरकार ने साफ किया है कि खरीदी केंद्रों पर किसानों की पहचान फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए की जाएगी। केवल OTP से सत्यापन मान्य नहीं रहेगा। खरीदी का भुगतान सीधे किसानों के आधार लिंक बैंक खाते में भेजा जाएगा।
किसान प्रतिनिधि भी बेच सकेंगे फसल
यदि किसान स्वयं खरीदी केंद्र पर उपस्थित नहीं हो पाएगा तो वह अधिकतम तीन लोगों को अधिकृत कर सकेगा। हालांकि ऐसे प्रतिनिधियों का भी आधार आधारित सत्यापन जरूरी होगा।
मूंग खरीदी पर रहेगा विशेष नियम
सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार मूंग की खरीदी किसानों के कुल उत्पादन के अधिकतम 25 प्रतिशत तक ही की जाएगी। इसके लिए भारत सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य सीमा लागू रहेगी।
समय पर कराएं पंजीयन
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते अपना पंजीयन पूरा करा लें। साथ ही बैंक खाता आधार से लिंक और मोबाइल नंबर चालू रखना जरूरी बताया गया है।
प्रदेश सरकार के इस फैसले से मूंग और उड़द उत्पादक किसानों में उत्साह देखा जा रहा है। किसानों का कहना है कि बोनस और MSP का लाभ मिलने से खेती की लागत निकालने में काफी मदद मिलेगी।