एक दर्जन गांवों में दहशत, ग्रामीण बोले- वन विभाग जल्द करे रेस्क्यू, तीन दर्जन से ज्यादा पशुओं का कर चुका है शिकार
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची जनपद क्षेत्र के ग्राम गीदगढ़ में सोमवार-मंगलवार देर रात तेंदुए ने एक बार फिर हमला कर दहशत फैला दी। गीदगढ़ गुफा के पास तेंदुए ने गाय की बछिया पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
बछिया मलिक जितेंद्र विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया की बछिया गुफा के पास बंधी हुई थी रात के समय तेंदुआ ने हमला कर उसकी मौत के घाट उतार दिया। बछिया 3 महीने की थी इससे उसकी काफी हानि हुई है अब गाय दूध देना बंद कर देगी। घटनास्थल पर नाकेदार द्वारा पंचनामा तैयार किया गया ताकि मलिक को मुआवजा दिया जा सके।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तेंदुआ और बाघ लगातार घूम रहे हैं। यह वन्य जीव कयामपुर, संग्रामपुर, गीदगढ़, दीवानगंज, नरखेड़ा, कुलहड़िया, झुंडखोया और बालमपुर सहित एक दर्जन से अधिक गांवों में देखे जा चुके हैं। रात होते ही ग्रामीणों में डर बढ़ जाता है और लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी तेंदुआ कई पालतू पशुओं का शिकार कर चुका है। कुछ दिन पहले एक ग्रामीण पर भी तेंदुए ने हमला कर दिया था, जिसमें वह घायल हो गया था। लगातार हो रहे हमलों से लोगों में दहशत बनी हुई है।
कुछ दिन पहले ही कयामपुर गांव के किसान के खेत पर बनी टपरिया में उनकी गाय रस्सी से बंधी हुई थी। देर रात बाघ टपरिया में घुस आया और गाय पर हमला कर दिया। बाघ गाय को घसीटकर दूर ले जाने लगा, लेकिन रस्सी से बंधे होने के कारण वह ज्यादा दूर नहीं ले जा सका और वहीं पर उसे मारकर खा गया। इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि तेंदुआ और बाघ को जल्द रेस्क्यू कर किसी सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाए, ताकि गांवों में रह रहे लोग भयमुक्त होकर अपना जीवन यापन कर सकें। लोगों का कहना है कि बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर अब चिंता बढ़ती जा रही है।
वहीं वन विभाग की टीम भी क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए है। ग्रामीणों को रात में अकेले बाहर न निकलने और सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। लगातार वन्य जीवों की गतिविधियां सामने आने से पूरा इलाका दहशत के साये में है। तेंदुआ और बाघ अभी तक तीन दर्जन से ज्यादा जानवरों का शिकार कर चुका है।