सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले में संचालित राष्ट्रीय जनगणना के अंतर्गत स्वयं ऑनलाइन गणना (Self Enumeration) अभियान को गति देने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा ने गैरतगंज तहसील के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देहगांव, मुड़िया खेड़ा, कढ़ैया, गैरतगंज नगर एवं हरदौट सहित विभिन्न स्थानों का दौरा कर जनगणना कार्य की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित किया और उन्हें अधिक से अधिक संख्या में स्वयं ऑनलाइन जनगणना फॉर्म भरने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रगणकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक घर तक पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी परिवार इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रहे।

कलेक्टर ने बताया कि स्वयं ऑनलाइन जनगणना का कार्य 16 अप्रैल से प्रारंभ होकर 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जा रहा है और अब इसकी अंतिम तिथि नजदीक है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य की पूर्ति के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वयं गणना फॉर्म अवश्य इस *https://se.census.gov.in/* भरे, ताकि जिले की शत-प्रतिशत गणना सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रगणक घर-घर जाकर तथा दुकानों पर पहुंचकर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जनगणना फॉर्म भरवा रहे हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायतों एवं नगर परिषद कार्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां नागरिकों को आसानी से फॉर्म भरने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सभी जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय भूमिका निभाएं। अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें और उन्हें स्वयं गणना के लिए प्रेरित करें, ताकि अभियान को सफल बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है। सटीक और समय पर प्राप्त आंकड़े ही भविष्य की योजनाओं के निर्माण में सहायक होते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का सही डेटा दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। प्रशासन द्वारा अभियान को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा फील्ड में अधिकारी सक्रिय रूप से मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा के साथ अनुविभागीय अधिकारी आईएएस श्री अंकित कुमार जैन, तहसीलदार श्री नरेश सिंह राजपूत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती पूजा जैन, नगर पालिका परिषद के सीएमओ श्री सुधीर उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।