बेगमगंज में स्वगणना के लिए नागरिकों को किया प्रेरित
शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
नगर में चिलचिलाती धूप में चल रहे स्वगणना कार्य में तेजी लाने के लिए नगरपालिका सीएमओ एवं नपाकर्मी कार्यालय के सामने ओर 18 वार्डो में सघनता से जुटे हुए हैं।
आज कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा द्वारा ग्राम पलोहा , उमरखोह एवं नगरपालिका कार्यालय के सामने स्वगणना कार्य का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने सीएमओ राजेंद्र शर्मा ,एसडीएम सौरभ मिश्रा एवं स्वगणना कार्य लगी टीम से जानकारी हासिल की।
नागरिकों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने जनगणना का महत्व बताया और जानकारी के साथ आनलाइन स्वगणना फाॅर्म भरने के लिए प्रेरित भी किया। नगरपालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे विशेष प्रयासों की सराहना की।
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य एक मई 2026 से 30 मई 2026 तक किया जाएगा।
इसके पूर्व 16 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना हेतु पोर्टल पर विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इस अवधि में नागरिक अपनी स्व-गणना समय रहते पूर्ण कर सकते हैं, जिससे आगामी प्रक्रिया और अधिक सुगम हो सके। इससे नागरिकों को घर, कार्यालय अथवा किसी भी स्थान से मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से सुरक्षित रूप से जानकारी दर्ज करने की सुविधा मिलती है। यह न केवल समय की बचत करता है, बल्कि डेटा संग्रहण को अधिक सटीक एवं प्रभावी भी बनाता है।
जनगणना-2027 में पहली बार नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प प्रदान किया गया है, जो एक आधुनिक, तकनीकी रूप से सशक्त एवं समावेशी प्रक्रिया की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे नागरिकों की भागीदारी बढ़ेगी और देश के विकास के लिए आवश्यक आंकड़ों का संकलन अधिक सुगमता से किया जा सकेगा। जनगणना के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी।