मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से खराब मौसम के चलते किसानों की चिंता बढ़ गई थी। तेज हवाओं और बादलों के कारण फसल कटाई और मड़ाई का काम प्रभावित हो रहा था। लेकिन शनिवार और रविवार को मौसम साफ होते ही किसानों ने राहत की सांस ली और तेजी से अपनी फसलों को सहेजने में जुट गए।
गांव-गांव में इन दिनों खेतों में फिर से हलचल देखने को मिल रही है। किसान दिन-रात मेहनत कर अपनी तैयार फसल को सुरक्षित करने में लगे हुए हैं। कई किसान थ्रेसर मशीन की मदद से गेहूं निकालकर उसे घर तक पहुंचा रहे हैं, ताकि खराब मौसम से फसल को नुकसान न हो।
किसानों का कहना है कि मौसम की मार के कारण पहले ही काफी चिंता बनी हुई थी, लेकिन अब साफ मौसम मिलने से काम में तेजी आई है। हालांकि वे अभी भी सतर्क हैं, क्योंकि मौसम कभी भी करवट बदल सकता है।
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इस समय फसल को सुरक्षित स्थान पर रखना बेहद जरूरी है, ताकि अचानक मौसम खराब होने की स्थिति में नुकसान से बचा जा सके। फिलहाल मौसम साफ रहने से किसानों के चेहरों पर थोड़ी राहत जरूर नजर आ रही है।