मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में हो रही लगातार देरी से किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। सरकार द्वारा बार-बार खरीदी की तारीख आगे बढ़ाए जाने से किसान असमंजस की स्थिति में हैं।
किसानों का कहना है कि पहले खरीदी की तारीख 16 मार्च निर्धारित की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 1 अप्रैल किया गया और अब 10 अप्रैल कर दिया गया है। ऐसे में किसानों को यह भी आशंका है कि कहीं इस तारीख पर भी खरीदी शुरू हो पाएगी या नहीं।
इधर मौसम की मार ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण कई किसानों की कटी हुई गेहूं की फसल खेतों में ही पड़ी हुई है, जो भीगकर खराब होने की कगार पर पहुंच गई है। एक दिन पहले हुई बारिश से भी कई किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी शुरू की जाए, ताकि उन्हें अपनी उपज सुरक्षित बेचने का मौका मिल सके और नुकसान से बचा जा सके।