सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
रायसेन जिले के बेगमगंज और सुल्तानगंज में डीजल संकट ने हालात बिगाड़ दिए हैं। आम जनता हो या किसान, हर कोई परेशान नजर आ रहा है। पेट्रोल पंपों पर डीजल के लिए लंबी कतारें लगी हैं और लोगों में जल्द से जल्द ईंधन लेने की होड़ मची हुई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब सीधे स्थानीय बाजारों में देखने को मिल रहा है।

सुल्तानगंज के सुल्तानगंज फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल पर्याप्त है, लेकिन डीजल का स्टॉक बेहद सीमित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि शुक्रवार दोपहर के बाद हर व्यक्ति को सिर्फ 500 रुपए तक का ही डीजल दिया जा रहा है।
वहीं एस्सार कंपनी के समैया फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल के दाम 112 रुपए 90 पैसे और डीजल 95 रुपए के पार पहुंच चुका है। यहां भी डीजल रुक-रुक कर सीमित मात्रा में ही मिल रहा है।

अमन फिलिंग स्टेशन पर भी यही स्थिति बनी हुई है, जहां पेट्रोल-डीजल दोनों ही सीमित मात्रा में दिए जा रहे हैं। बेगमगंज में माला वाले पेट्रोल पंप को छोड़कर अधिकांश पंपों पर डीजल की कमी की खबर सामने आ रही है। जैसे ही यह खबर किसानों और ग्रामीणों तक पहुंची, पंपों पर भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अगर जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो इसका सीधा असर खेती और परिवहन व्यवस्था पर पड़ेगा, जिससे आम जनजीवन और ज्यादा प्रभावित हो सकता है।