सौंदर्यीकरण, सीसी रोड, पेयजल, स्वच्छता और बस स्टैंड निर्माण सहित कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी
देवेन्द्र तिवारी सांची, रायसेन
नगर परिषद की बजट बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक में प्रस्तुत बजट में नगर के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं के लिए प्रावधान किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार प्रस्तुत बजट में कुल आय 49 करोड़ 25 लाख 10 हजार 42 रुपये 60 पैसे तथा व्यय 49 करोड़ 22 लाख 77 हजार 500 रुपये निर्धारित किया गया है। बजट में मामूली बचत भी दर्शाई गई है।
इस बजट के अंतर्गत नगर के सौंदर्यीकरण, नाले-नालियों के निर्माण एवं सुधार, सीसी रोड निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा विद्युत संधारण (प्रकाश व्यवस्था) पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा बस स्टैंड परिसर में दुकानों के नवनिर्माण, नगर के लिए नई फायर ब्रिगेड की खरीद तथा नवीन बस स्टैंड निर्माण का प्रस्ताव भी पारित किया गया है।
नगर परिषद द्वारा आवश्यकता अनुसार अन्य छोटे निर्माण कार्यों के लिए भी प्रावधान रखा गया है। बजट के माध्यम से आगामी वर्ष में नगर के स्वरूप में सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद जताई जा रही है।बजट में किए गए प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन से सांची के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।