30 मार्च अंतिम तिथि, समय पर जमा नहीं करने पर ऋण होगा ओवरड्यू
सी के पारे रायसेन
प्राथमिक सहकारी संस्था बनखेड़ी शाखा में समिति प्रबंधक ज्योति चंद नामदेव के निर्देशन में बकाया ऋण वसूली अभियान तेज कर दिया गया है। संस्था के कार्यक्षेत्र के ग्राम नक्तरा, बनखेड़ी, भूसीमेटा और चिलवाह में कर्मचारियों द्वारा घर-घर पहुंचकर किसानों को नोटिस वितरित किए जा रहे हैं तथा बकाया राशि जमा करने की समझाइश दी जा रही है। वसूली अभियान के अंतर्गत कर्मचारी केसर सिंह, पवन नामदेव और रूपनारायण नामदेव गांवों में पहुंचकर किसानों से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें 30 मार्च तक बकाया राशि जमा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। संस्था प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि तक ऋण जमा नहीं करने पर वह कालातीत (ओवरड्यू) की श्रेणी में आ जाएगा, जिससे किसानों को संस्था से मिलने वाले ऋण सहित अन्य सहकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा। संस्था द्वारा चलाए जा रहे इस सघन अभियान से क्षेत्र के किसानों में जागरूकता बढ़ रही है और कई किसान समय सीमा के भीतर बकाया जमा करने के लिए आगे आ रहे हैं। संस्था प्रबंधन ने सभी किसानों से समय पर बकाया राशि जमा कर सहयोग करने की अपील की है।