क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
रंगपंचमी के अवसर पर लगने वाले प्रसिद्ध करीला मेले के चलते रविवार को भोपाल–विदिशा हाईवे 18 पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं और ग्रामीणों का करीला धाम की ओर जाना शुरू हो गया था, जिसके कारण कई स्थानों पर यातायात धीमा रहा।
दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, निनोद, बरजोरपुर, कुलहड़िया सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण करीला माता के दर्शन और मेले में शामिल होने के लिए रवाना हुए। श्रद्धालु बस, कार, ट्रैक्टर-ट्रॉली और दोपहिया वाहनों से मेले में पहुंच रहे हैं।
हाईवे पर वाहनों की संख्या अचानक बढ़ने के कारण कई जगह लंबी कतारें लग गईं, जिससे वाहन चालकों को कुछ देर तक जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। हालांकि पुलिस और प्रशासन द्वारा यातायात को सुचारु रखने के लिए जगह-जगह व्यवस्था की गई है।
करीला मेले में हर वर्ष की तरह इस बार भी दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और दुकानों का भी आयोजन किया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।