बिजली पोल लगाने के बाद ठेकेदार ने छोड़े गड्ढे, रोज गुजर रहे सैकड़ों वाहन
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
क्षेत्र के सबसे व्यस्त माने जाने वाले फैक्ट्री चौराहा पर बिजली पोल लगाने के बाद ठेकेदार द्वारा छोड़े गए खुले गड्ढे अब बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। पोल गाड़ने के कई दिन बाद भी गड्ढों को नहीं भरा गया है, जिससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार फैक्ट्री चौराहा से प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया, चारपहिया और ग्रामीण क्षेत्र से आने-जाने वाले वाहन गुजरते हैं। सड़क किनारे बना गहरा गड्ढा खासकर रात के समय दिखाई नहीं देता, जिससे कई वाहन चालक फिसलते-फिसलते बचे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढों को बंद नहीं किया गया तो किसी भी दिन गंभीर सड़क दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने पोल तो गाड़ दिए, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया। न तो गड्ढों को भरा गया और न ही चेतावनी संकेत लगाए गए। यह सीधे तौर पर आम लोगों की जान से खिलवाड़ है।
क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग और संबंधित ठेकेदार से तत्काल गड्ढों को भरवाने तथा सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे शिकायत और विरोध का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।