–सोशल मीडिया की हो रही निगरानी
शिवलाल यादव
रायसेन।केंद्र सरकार द्वारा ‘अग्निपथ” शॉर्ट टर्म सैनिक भर्ती योजना की घोषणा की गई है। जिसके विरोध में कुछ असमाजिक तत्वों द्वारा युवा वर्ग को हिंसक घटनाओं के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से उकसा रहे हैं। जिससे देश और प्रदेश की शासकीय संपत्ति, लोक शांति और लोक सुरक्षा को खतरा उत्पन्न होने की स्थिति निर्मित हो रही है। हिंसक घटनाओं को देखते हुए रायसेन पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। जिले में ऐसी हिंसक वारदातें ना हो इसलिए जिला पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल एएसपी अमृत मीणा ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ और अफवाह फैलाने वाले मैसेजों को वायरल नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी भड़काऊ या फिर अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करता या फिर शेयर करता है तो उस व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अग्निपथ योजना के विरोध में कई स्थानों पर युवाओं ने गलत तरीके से हिंसात्मक विरोध प्रदर्शन किया है। जिससे शासकीय और निजी संपत्तियों का नुकसान किया जा रहा है। रायसेन में अग्निपथ योजना को लेकर भड़काऊ पोस्ट करने वाले पर कार्रवाई होगी। इसके लिए पुलिस की साइबर सेल की टीम लगातार सोशल मीडिया की हर गतिविधियों की निगरानी कर रही है।
आचार संहिता में भीड़ जमा करने पर होगी कार्रवाई….
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्रक्रिया के चलते रायसेन जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है। आचार संहिता में किसी भी संगठन या व्यक्ति द्वारा किसी स्थान पर भीड़ जमा नहीं कर सकता है। यदि किसी व्यक्ति ने बगैर अनुमति के भीड़ जमा की और सोशल मिडिया के माध्यम से भीड़ जमा करने के लिए आह्वान किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।