श्याम स्वरूप पाठक एवं गोविन्द देवलिया हुए सम्मानित
विदिशा। अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर में प्रभु श्रीरामलला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दो वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर श्रीराम कृष्ण मानस मण्डल के तत्वावधान में हनुमान व्यायाम शाला, चोपड़ा, विदिशा में एक भव्य सांस्कृतिक एवं भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
इस गरिमामय आयोजन में समाजसेवा एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गोविंद देवलिया को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। आयोजकों द्वारा उन्हें शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित अन्य सम्माननीय जनों का भी अभिनंदन किया गया, जिससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ी।

कार्यक्रम में आचार्य शिवकुमार तिवारी(वास्तु विद्) की विशेष उपस्थिति रही।इस अवसर पर नगर के वरिष्ठ नागरिक ज्ञान सिंह जाट का भी आयोजकों ने सम्मान किया।
भजन संध्या के दौरान राधा–कृष्ण के स्वरूप में सजे कलाकार श्याम सुंदर सोनी ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। उनकी भावपूर्ण झांकियों एवं नृत्यात्मक अभिव्यक्तियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। रामभक्ति से ओत-प्रोत भजनों की मधुर प्रस्तुतियों पर श्रोता भावविभोर हो उठे और श्रीराम जय राम जय जय राम के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए भजन संध्या का भरपूर लाभ उठाया।

इस अवसर पर विदिशा जिले के सुंदरकांड मंडलों के प्रेरणास्रोत माने जाने वाले श्याम सुंदर पाठक का भी सम्मान प्रस्तावित था, किंतु अस्वस्थता के कारण वे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित नहीं हो सके। इसके पश्चात आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा उनके निवास पर जाकर उनका सम्मान किया गया। इस दौरान श्री पाठक ने रामचरितमानस के प्रेरक प्रसंगों का भावपूर्ण वाचन किया, जिसे सुनकर उपस्थितजन मंत्रमुग्ध हो गए।
आयोजन समिति के दीपक तिवारी एवं मंगलेश नवले एवं अमित यादव,मदन किशोर शर्मा, एडवोकेट, रमेश सोनकर आदि ने ,सभी अतिथियों, कलाकारों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में रामकथा, सनातन संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण और प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।