डाइट भवन के सभागार में विज्ञान,गणित, पर्यावरण, एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित, बच्चों ने किए मॉडल प्रस्तुत
बच्चों द्वारा तैयार किए गए वैज्ञानिक टेक्नोलॉजी पर आधारित मॉडलों की भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने की प्रशंसा ।
सी एल गौर रायसेन
जिला मुख्यालय स्थित शासकीय बुनियादी प्रशिक्षण संस्थान डायट भवन में राज्य स्तरीय विज्ञान,गणित,पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान विषय को लेकर जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शानदार आयोजन आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राओं द्वारा वैज्ञानिक टेक्नोलॉजी के आधार पर अपना स्वयं दिमाग लगाकर आकर्षक मॉडल तैयार कर विज्ञान प्रदर्शनी में प्रदर्शित किए।

इस अवसर पर आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सारगर्वित विचार व्यक्त करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि आज के इस आधुनिक दौर में विज्ञान दिनों दिन प्रगति कर रहा है, इसके लिए हमारे देश के।यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी जी के कुशल निर्देशन में वैज्ञानिक टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज डायट भवन में यहां हमारे होनहार बच्चों द्वारा वैज्ञानिक तकनीक पर आधारित विभिन्न प्रकार के मॉडल तैयार कर इस जिला स्तरीय प्रदर्शनी में अवलोकन के लिए रखे गए हैं, जिन्हें देखकर मुझे प्रसन्नता हो रही है कि हमारे बच्चे वैज्ञानिक टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में निरंतर तरक्की कर रहे हैं और सुंदर मॉडल तैयार कर अपनी कला को प्रदर्शित भी कर रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि आज के बच्चे हमारे देश के कल का सुनहरा भविष्य हैं, उनकी उन्नति के लिए मेरी ओर से शुभकामनाएं देता हूं। श्री शर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, और नवाचार की भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत करता है, बच्चों के द्वारा लगाई गई इस विज्ञान प्रदर्शनी में प्रदर्शित किए गए मॉडल बहुत सराहनीय है। उन्होंने इस दौरान कई विषयों पर बोलते हुए कार्यक्रम में मौजूद बच्चों का उत्साह वर्धन करते हुए इसी प्रकार से विज्ञान टेक्नोलॉजी,गणित, पर्यावरण और सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर तरक्की करने के लिए अपनी ओर से बधाई दी।

इससे पूर्व विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात जिला शिक्षा केंद्र के समन्वयक पीके रैकवार एवं बुनियादी प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य श्री नेमा द्वारा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शर्मा का पुष्पहारों के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा केंद्र एवं डाइट भवन के कर्मचारी, शिक्षक गण, एवं बड़ी संख्या में स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक कमलेश बहादुर सिंह द्वारा किया गया।