बड़वानी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बड़वानी में प्राचार्य डॉ वीणा सत्य के निर्देशन में पूर्व छात्रों की बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती तथा संस्था के पूजन एवं वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता IQAC समन्वयक डॉ आशा साखी गुप्ता द्वारा की गई।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि एल्यूमिनी किसी भी शैक्षणिक संस्था की अमूल्य धरोहर होते हैं, जिनके अनुभव एवं मार्गदर्शन से महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं प्रतिष्ठा को नई दिशा मिलती है। कार्यक्रम के दौरान कई एल्यूमिनी सदस्यों ने अपना परिचय, पूर्व छात्र जीवन के अनुभव एवं वर्तमान कार्यक्षेत्र के विचार साझा किए तथा महाविद्यालय की उन्नति एवं सर्वांगीण विकास हेतु महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

मुख्य रूप से एल्यूमिनी सदस्यों में व्यावसायी श्री मनोज पुरोहित ने महाविद्यालय के विकास में विद्यार्थियों और शिक्षकों के साझा प्रयासों का सुझाव दिया, उन्होंने कहा कि शिक्षा में शैक्षणिक नवाचार, शोध संस्कृति, छात्र मार्गदर्शन एवं समाज से जुड़ी गतिविधियों को सशक्त बनाना चाहिये, रोजगार उन्मुखी पाठ्यक्रमों को जोड़ना चाहिए। इसके लिए अन्य संस्थाओं, NGO आदि से समन्वय किया जाना चाहिए। पाटी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ परवेज मोहम्मद ने खेल मैदान के संरक्षण की आवश्यकता बताई। श्री रितेश कुमावत ने विद्यार्थी और शिक्षकों के बीच तालमेल को बेहतर बनाए जाने के लिए कहा। श्री विनय गौरे ने महाविद्यालय में लाइब्रेरी साइंस की कक्षाएं प्रारंभ किए जाने का सुझाव दिया। श्री दुर्गेश पुरोहित ने कहा, कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से पूर्व विद्यार्थीयों को महाविद्यालय से जुडने का अवसर प्राप्त होता है।

उन्होने समस्त पूर्व छात्रो की ओर से कहा, कि महाविद्यालय के विकास में पूर्व छात्र भी आगे आकर यथासंभव सहयोग करेंग़ें।
कार्यक्रम का संचालन डॉ श्याम नाईक ने किया। महाविद्यालय की ओर से प्रमुख एलुमिनी सदस्यों में डॉ जयराम बघेल, डॉ रणजीतसिंह मेवाडे, डॉ रंजना चौहान, डॉ आसीराम सस्त्या, डॉ सपना गोयल, श्री गौरव व्यास सहित अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। सभी ने इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन एवं भविष्य में एल्यूमिनी सहयोग को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ किया गया।