शरद शर्मा बेगमगंज, रायसेन
खाद्य एवं औषधि प्रशासन एवं फूड विभाग की संयुक्त टीम द्वारा आगामी त्यौहार दीपावली को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं दूषित खाद्यान्न सामग्री की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के लिए कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशानुसार जिले भर में सभी तहसीलों में खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की कार्यवाही सतत जारी है।
इसी तारतम्य में आज नगर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन निरीक्षक कल्पना अर्सिया एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की सहायक आपूर्ति अधिकारी श्रीमती पूर्णिमा श्रीवास्तव की संयुक्त टीम द्वारा खाद्यान्न प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थो , मिठाई इत्यादि के नमूना लिए गए।
न्यायालय की कैंटीन न्यू इंद्र कैफेटेरिया एवं रेस्टोरेंट से मिठाई के नमूने एवं व्यवसायिक उपयोग करते हुए एक घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया गया।वहीं पुराना बस स्टैंड पर श्रीदुर्गा राजस्थान मिष्ठान भंडार एवं श्रीराम स्वीट्स पर निरीक्षण किए जाने के उपरांत उपरोक्त प्रतिष्ठानों से मावा बर्फी, मिल्क केक, मथुरा पेड़ा, मावा, नमकीन एवं सोयाबीन तेल के नमूने जांच के लिए जब्त किए गए।

नगर में छापामारी की खबर फैलते ही पूर्व की भांति इस बार भी प्रायः सभी दुकानदार अपने -अपने प्रतिष्ठान बंद करके गायब हो गए। जो रेस्टोरेंट खुले मिले उन पर गाज गिरी।
निरीक्षक कल्पना अर्सिया एवं फूड अधिकारी पूर्णिमा श्रीवास्तव के द्वारा खाद्य सामग्री विक्रेताओं को खाद्य पदार्थ न्यूज पेपर में न परोसने, फूड कलर का सीमित मात्रा में प्रयोग करने, स्वच्छता रखना एवं ताजा खाद्य सामग्री ही बेचने संबंधी निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही पैक्ड खाद्य सामग्री को खरीदने एवं बेचने से पहले उनकी एक्सपायरी डेट अवश्य चेक करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त सभी होटल्स संचालकों को व्यवसायिक गैस सिलेंडर उपयोग करने के निर्देश दिए गए।