रामभरोस विश्वकर्मा मंडीदीप रायसेन
भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक सुरेन्द्र पटवा द्वारा लगातार गो संवर्धन और संरक्षण को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। जनजागरूकता रैलियां, शपथ ग्रहण कार्यक्रम और गोशालाओं के लिए प्रयासों के बावजूद नगर की सड़कों पर आज भी गोवंश खुलेआम घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सड़कों पर आवारा गोवंश के चलते आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। रात के समय वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विधायक द्वारा चलाए गए गो संवर्धन अभियान सराहनीय हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्था अब तक दिखाई नहीं दे रही है।
लोगों की मांग है कि नगर पालिका और प्रशासन को मिलकर ठोस कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए ताकि सड़कों पर आवारा गोवंश की समस्या से निजात मिल सके। वहीं, गौशालाओं का विस्तार और देखरेख भी जरूरी है ताकि गोमाता सुरक्षित रह सकें और यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।