रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
औद्योगिक क्षेत्र मंडीदीप में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का पर्व बड़े हर्ष और उत्साह के साथ मनाया गया। नगर के विभिन्न शासकीय, निजी संस्थानों, विद्यालयों, सामाजिक संगठनों एवं औद्योगिक इकाइयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्य समारोह नगर पालिका परिषद प्रांगण में आयोजित हुआ, जहां नगर पालिका अध्यक्ष,प्रियंका राजेंद्र अग्रवाल, अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र अग्रवाल, मंडीदीप नगर पालिका उपाध्यक्ष पुष्पा प्रेम शंकर साहू, सी एम ओ प्रशांत जैन, पार्षदगण एवं अधिकारियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई और शहीदों को नमन किया गया।
विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और देशभक्ति का संदेश दिया गया।
सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों ने भी घर-घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरा नगर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम के अंत में देश की अखंडता, एकता और प्रगति के लिए संकल्प लिया गया और सभी ने देश सेवा के प्रति अपना योगदान देने का संकल्प दोहराया।