राघवेंद्र रघुवंशी उदयपुरा रायसेन
रायसेन जिले के उदयपुरा में मंगलवार दोपहर खेत में धान लगाने गए 4 मजदूर करंट की चपेट में आ गए। इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। एक घायल को रायसेन जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

घायल रामकृष्ण अहिरवार ने बताया कि वे ग्राम रोसरा धान लगाने गए थे। इसी दौरान खेत में गायों का झुंड आ गया। गायों को भगाने के लिए उनका छोटा भाई राममोहन अहिरवार उम्र 18 साल तार फेंसिंग के पास पहुंचा। वहां पड़े बिजली के तारों से उसे करंट लग गया।

रामकृष्ण ने बताया कि राममोहन को छुड़ाने जब मैं पहुंचा तो मुझे भी करंट लगने लगा। यह देखकर उनके पिता हरिशंकर अहिरवार और ओमकार भी मदद के लिए आए। उन्होंने दोनों को छुड़ाने की कोशिश की तो वह भी करंट की चपेट में आ गए।
गांव के वरुण त्रिपालिया ने बताया कि रामकृष्ण अहिरवार के छोटे भाई राममोहन अहिरवार और गांव के ओमकार की मौत हो गई। हरिशंकर अहिरवार और रामकृष्ण अहिरवार घायल हो गए। मौके पर उदयपुरा पुलिस पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम हेतु सिविल हॉस्पिटल उदयपुरा भेजा गया।

उदयपुरा थाना प्रभारी जयवंत सिंह ने बताया कि खेत में पंप चलाने के लिए कनेक्शन लिया गया था। उसका तार कटा-पीटा था। उसी से फेंसिंग में करंट आने की संभावना है। दो लोगों की मौत के बाद मर्ग कायम किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना उदयपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम रोसरा, कुचवाड़ा की।घटना की जानकारी मिलने पर बरेली एसडीओपी कुँवर सिंह मुकाती भी मौके पर पहुचे।