सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिला अस्पताल में आउटसोर्सिंग पर कार्यरत सफाई एवं हाउसकीपिंग कर्मचारियों से अन्य मजदूरी के कार्य कराए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में परिवर्तन संगठन ने अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत जिला कलेक्टर से की है।
परिवर्तन संगठन ने आरोप लगाया है कि जिला अस्पताल में आउटसोर्स कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है।

संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र लोधी ने इसकी शिकायत कलेक्टर से करते हुए बताया है कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों से उनके निर्धारित कार्यों के अलावा अन्य श्रमिक कार्य करवाए जा रहे हैं, जो अनुचित है। इसके अलावा, इन कर्मचारियों का पीएफ और ईइसआईसी समय पर जमा नहीं किया जाता तथा उन्हें कलेक्ट्रेट रेट के अनुसार वेतन भी नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनका शोषण हो रहा है। परिवर्तन संगठन ने मांग की है कि जिला प्रशासन इस मामले की गंभीरता से जांच करे और जिला अस्पताल प्रबंधन को उचित निर्देश दे। साथ ही आउटसोर्सिंग टेंडर प्राप्त करने वाली कंपनी पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कर्मचारियों का शोषण न हो। संगठन ने शिकायत में यह भी संभावना जताई गई है कि पूरे जिले में इसी तरह की स्थिति बनी हुई हो, इसलिए इस मामले को प्राथमिकता से लिया जाए। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है।