मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज क्षेत्र के कई किसान रबी की फसल की बोवनी के कार्य में जुटे हुए हैं। जिन किसानों ने सोयाबीन, उड़द आदि की फसल बोई थी, उन किसानों ने अपने खेतों में रबी की फसल के लिए बोवनी करना शुरु कर दिया है। लेकिन जिन किसानों ने इस साल धान की फसल लगाई थी वे किसान इस समय अपने-अपने खेतों में पलेवा करने में जुटे हुए हैं। उसके बाद बतर पड़ने के बाद बोवनी का कार्य करेंगे। मालूम हो कि दिसंबर के इस महीने में किसान अपने खेतों में रबी सीजन की फसल के लिए बोवनी करेंगे वहीं कई किसानों ने तो समय रहते ही अपने खेतों में बोवनी कर दी है कुछ किसान इस समय बोवनी का काम कर रहे हैं। वहीं सांची विकासखंड में ऐसे कई किसान है जो इस समय अपने-अपने खेतों में पलेवा करने में लगे हुए हैं। पलेवा पूरा होने के बाद ये किसान खेत में बतर पड़ने का इंतजार करेंगे। गोलू साहू, रवि साहू, अशोक साहू, ने बताया कि हमारे क्षेत्र में इस साल कई किसानों ने धान की फसल लगाई थी। कुछ किसानों की धान की फसल कट चुकी है किसानों ने बताया कि जिन किसानों की धान की फसल कट कर पूरी तरह से तैयार हो गई है वे किसान इस समय अपने खेतों में पलेवा का कार्य कर रहे हैं। पलेवा पूरा होने के बाद हम लोगों को खेत में बतर पड़ने का इंतजार रहेगा उसके बाद ही हम लोग अपने खेतों में रबी की फसल की बोवनी कर सकेंगे।