अनुराग शर्मा सीहोर
आज मध्यप्रदेश की जनता मप्र का 68वां स्थापना दिवस मना रही है। मुख्य आयोजन भोपाल में आयोजित किया गया है। लेकिन क्या आपको पता है… कि आज जो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल है, वह कभी हमारे जिले सीहोर का हिस्सा थी। जी हां, मध्यप्रदेश के गठन के बाद से सीहोर जिले में ही भोपाल समाहित था, लेकिन वर्ष 1972 में भोपाल को अलग जिला बनाया और बाद में भोपाल को ही मध्यप्रदेश की राजधानी भी बनाया गया।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर आज जिले में भी सरकारी भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। मुख्य आयोजन राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान पर आयोजित होगा। गत वर्ष विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगे होने की वजह से स्थापना दिवस को भव्य रूप से नहीं मनाया गया था, लेकिन इस वर्ष यह आयोजन भव्यता से मनाया जा रहा है।