“वीमेंस ऑफ़ द ईयर-2024 अवार्ड” कार्यक्रम में हुए शामिल
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित
भोपाल.उप-मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को चिन्हित करना और उन्हें सम्मानित करना, संपूर्ण समाज को उत्कृष्ट कार्य करने के लिये प्रेरित करता है। उत्कृष्टता का सम्मान कर्म का सम्मान है। यह प्रगतिशील समाज की जागरूकता का परिचायक है। उप-मुख्यमंत्री श्री होटल मेरियट भोपाल में निजी संस्थान दैनिक भास्कर समूह के “वीमेंस ऑफ़ द ईयर-2024 अवार्ड” कार्यक्रम में शामिल हुए।

उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि आज भारत प्रगति की राह में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में हम विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था हैं। आगामी 5 वर्षों में हम शीर्ष 3 और वर्ष 2047 तक भारत विश्वगुरु बन जाएगा। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति की रफ़्तार बनायें रखने और फिर शीर्ष बने रहने के लिए सतत प्रयास करने होंगे। इसके लिए समाज के सभी वर्गों शहरी, ग्रामीण, युवाओं, महिलाओं, पुरुषों सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी वर्गों को सशक्त बनाने, कुशल बनाने, रोज़गार अवसर उपलब्ध कराने, नवाचार को बढ़ावा देने, उद्यमियों को स्टार्टअप को सहयोग प्रदान करने के प्रयास निरंतर शासन द्वारा किए जा रहे हैं।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलायें अपनी योग्यता का परचम लहरा रहीं हैं। यह पूरे प्रदेश के लिए देश के लिए मनोबल बढ़ाने का विषय है। यह हमें विश्वास दिलाता है कि हम विकास की प्रगति की सही राह पर हैं।

उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कार्यक्रम में चिकित्सा, शिक्षा, कला, खेल, फ़िल्म निर्माण, विज्ञान, अनुसंधान, शासकीय सेवा, सामाजिक सेवा, उद्योग जगत सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला विभूतियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में दैनिक भास्कर समूह के प्रतिनिधि उपस्थित थे।