सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
रायसेन से राहतगढ़ तक बन रही सड़क के निर्माण कार्य की गति अत्यंत धीमी होने से आमजन और वाहन चालकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण सड़क कई स्थानों पर उखड़ी हुई पड़ी है, जिससे आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और गिट्टी, रेत, मुरम, मिट्टी फैली होने से वाहनों का संतुलन बिगड़ रहा है। दिनभर वाहनों की आवाजाही के चलते चारों ओर धूल का गुबार उड़ता रहता है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। आसपास के दुकानदारों और रहवासियों का कहना है कि धूल के कारण आंखों में जलन, खांसी और एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ गई हैं। पर्यावरण प्रदूषण भी तेजी से फैल रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सड़क निर्माण के नाम पर लंबे समय से खुदाई कर छोड़ दी गई है, लेकिन न तो नियमित पानी का छिड़काव किया जा रहा है और न ही यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए गए हैं। रात के समय पर्याप्त संकेतक और प्रकाश व्यवस्था न होने से दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है। वाहन चालकों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री वाहन, बसें और मालवाहक वाहन गुजरते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है। लोगों ने संबंधित विभाग और ठेकेदार से निर्माण कार्य में तेजी लाने, धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि जनता को जल्द राहत मिल सके।