एक अक्टूबर से कॉलेज स्टाफ और छात्रों की होगी बायोमैट्रिक अटेंडेंस: उच्च शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश
दमोह से धीरज जॉनसन
प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग ने दो सितंबर को एक आदेश जारी कर विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक/अशैक्षणिक स्टाफ तथा छात्र- छात्राओं की बायोमैट्रिक अटेंडेस लिये जाने के संबंध में निर्देश जारी किए हैं कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय/ महाविद्यालयों में समस्त शैक्षणिक/अशैक्षणिक स्टाफ तथा छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत बायोमैट्रिक अटेंडेंस ली जाना सुनिश्चित किया जाए।
विश्वविद्यालय/ महाविद्यालयों में 500 विद्यार्थी की संख्या पर 01 बायोमैट्रिक मशीन एवं 500 से संख्या अधिक होने पर प्रति 500 विद्यार्थियों पर एक बायोमैट्रिक मशीन लगाई जाए, संस्था प्रमुख बायोमैट्रिक मशीन की सुरक्षा के लिए जालीदार बाक्स आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।विश्वविद्यालय/ महाविद्यालयों में जनभागीदारी मद से भण्डार क्रय नियमों का पालन करते हुए बायोमैट्रिक मशीन क्रय की जाएगी।संस्था द्वारा अपने शैक्षणिक/ अशैक्षणिक स्टाफ तथा छात्र/छात्राओं को बायोमैट्रिक अटेंडेंस हेतु निर्देशित किया जाएगा। विश्वविद्यालय स्तर पर कुलसचिव तथा महाविद्यालय स्तर पर संबंधित क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग की जाना सुनिश्चित की जाएगी।

प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय/ महाविद्यालयों में बायोमैट्रिक मशीन लगाई जाने संबंधी सम्पूर्ण कार्यवाही 30 सितम्बर, 2022 तक पूर्ण की जाए तथा दिनांक 01 अक्टूबर, 2022 से बायोमैट्रिक अटेंडेंस ली जाना सुनिश्चित होगी।
न्यूज स्रोत:धीरज जॉनसन