रायसेन। जिले में साँची के आमखेड़ा के पास उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब भोपाल से विदिशा की ओर जा रही एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार में चार युवक सवार थे। आग की लपटें उठती देख चारों युवकों ने तत्काल कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, कार भोपाल से विदिशा की ओर जा रही थी। इसी दौरान साँची के आमखेड़ा के पास अचानक कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गनीमत रही कि कार सवार चारों युवक समय रहते बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही साँची से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक आग इतनी भीषण हो चुकी थी कि पूरी कार जलकर राख हो गई।
समय रहते कार से बाहर निकलने के कारण चारों युवकों की जान बच गई। चलती कार में आग लगने की इस घटना से मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।