भवानी चौक पर विशाल प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र, पुराने गुरुद्वारा मंदिर में गणेश और शंकर जी की प्रतिमाएं बढ़ा रहीं शोभा
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के ग्राम दीवानगंज में शारदीय नवरात्र के दौरान भक्तिमय माहौल बना हुआ है। गांव के राम जानकी मंदिर भवानी चौक और पुराने गुरुद्वारा मंदिर में विराजमान मां जगदंबे की मनमोहक प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दोनों ही मंदिरों में सुबह-शाम पूजा-अर्चना के लिए भक्त पहुंच रहे हैं।
खेड़ापति हनुमान मंदिर दीवानगंज, अयोध्या धाम मंदिर, गणेश चौक मंदिर अंबाडी, शिव पार्वती मंदिर, सेमरा खेड़ापति हनुमान मंदिर, गोसाई मोहल्ला, ग्वाल चमेली सहित कई जगह पर विराजमान मां के दर्शनों के लिए रोजाना सुबह शाम भीड़ दर्शन के लिए पहुंच रही है। मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

भवानी चौक स्थित राम जानकी मंदिर में मां जगदंबे की विशालकाय प्रतिमा भक्तों के बीच विशेष आकर्षण बनी हुई है। प्रतिमा के दर्शन के लिए सुबह और शाम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। वहीं, पुराने गुरुद्वारा मंदिर में विराजमान मां जगदंबे की प्रतिमा के एक ओर भगवान गणेश और दूसरी ओर भगवान शंकर की प्रतिमा स्थापित है, जो मंदिर की शोभा बढ़ा रही हैं।
नवरात्र के चलते दोनों मंदिरों में सुबह-शाम धार्मिक वातावरण नजर आ रहा है। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं। मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंच रहे भक्तों की आस्था और भक्ति से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है।